भ्रष्टाचार के चलते सीमेंट की जगह रेत-गिट्टी का खेल

Advertisements

नैनपुर नगरपालिका की लापरवाही

गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण से वार्ड वासी हलाकान, जिम्मेदार मौन

  • दो माह से खुदी पड़ी है वार्ड-9 की सड़क
  • भ्रष्टाचार के चलते सीमेंट की जगह रेत-गिट्टी का खेल

मंडला महावीर न्यूज 29. नगरपालिका नैनपुर के ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्यों में मापदंडों की धज्जियां उड़ाना अब आम बात हो गई है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 9, काली मंदिर के पीछे का है, जहाँ सड़क निर्माण में भारी अनियमितता और गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग का आरोप वार्ड वासियों ने लगाया है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार की गई शिकायतों के बावजूद नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारी और उपयंत्री (सब-इंजीनियर) मौके पर निरीक्षण करने तक नहीं पहुँचे, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आधा-अधूरा काम दे रहा हादसों को दावत 

वार्ड वासियों ने बताया कि ठेकेदार ने विगत दो माह पूर्व सड़क निर्माण के लिए रास्ता खोद दिया था, जिसे बाद में अधूरा छोड़ दिया गया। खुदी हुई सड़क और बीच में बने गड्ढों के कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। दो दिन पूर्व जब काम दोबारा शुरू हुआ, तो ठेकेदार द्वारा बिछाए जा रहे बेस में सीमेंट की मात्रा न के बराबर पाई गई। केवल रेत और गिट्टी को मिक्स कर खानापूर्ति की जा रही है।

भ्रष्टाचार की साठगांठ का आरोप 

वार्ड वासियों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि ठेकेदार और नगरपालिका के उपयंत्री की मिलीभगत से यह भ्रष्टाचार चरम पर है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होना और घटिया निर्माण पर रोक न लगाना यह दर्शाता है कि भ्रष्टाचार को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। लोगों का कहना है कि यदि इसी गुणवत्ता से सड़क बनी, तो यह पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी। वर्तमान में ठेकेदार ने फिर से काम रोक दिया है, जिससे आवाजाही की समस्या जस की तस बनी हुई है।

अधिकारियों की चुप्पी से जन-आक्रोश 

इस मामले को लेकर वार्ड वासियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि सरकारी पैसे का बंदरबांट किया जा रहा है और जनता की सुविधाओं की बलि चढ़ाई जा रही है। भीषण गर्मी और खुदी हुई सड़कों से उड़ती धूल ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

इनका कहना है

मामला मेरे संज्ञान में आया है। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। मैंने उपयंत्री को मौका स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मण सारस, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नैनपुर


Leave a Comment