गुणवत्ता से ही मिलेगा तेंदूपत्ता संग्रहण का बेहतर लाभांश
बबलिया में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का आगाज
- अधिकारियों ने फड़ों का किया निरीक्षण
- संग्राहकों को दी अच्छी गुणवत्ता के पत्ते तोडऩे की समझाइश
मंडला महावीर न्यूज 29. पश्चिम सामान्य वन मंडल मंडला के अंतर्गत लघु वनोपज समिति बबलिया के तेंदूपत्ता फड़ों पर संग्रहण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया है। यह कार्य मंडला के वरिष्ठ अधिकारी माधव सिंह मौर्य के दिशा-निर्देशों एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी टिकरिया मयंक उपाध्याय के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है। अभियान के पहले दिन वन विभाग के अमले ने मौके पर पहुँचकर संग्रहण कार्य का अवलोकन किया और श्रमिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और फड़ प्रबंधकों ने संग्राहकों को समझाया कि पत्तों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संग्रहित पत्तों की गड्डियाँ अच्छी होनी चाहिए, जो बीड़ी बनाने योग्य हों। संग्राहकों को सलाह दी गई कि वे लाल, कटी-फटी या बीमार पत्तियों का संग्रहण न करें। गुणवत्ता जितनी अच्छी होगी, विक्रय मूल्य उतना ही बेहतर मिलेगा, जिससे अंतत: संग्राहकों को मिलने वाली लाभांश की राशि में वृद्धि होगी।
सुबह 5 बजे से जुट रहे संग्राहक
तेंदूपत्ता सीजन को लाभ का धंधा बनाने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण और मजदूर पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। ग्रामीण सुबह 5 बजे से ही जंगलों की ओर निकल जाते हैं और शाम 5 बजे तक संग्रहण कार्य में लगे रहते हैं। स्थानीय मजदूर रामू ने बताया कि इस सीजन से परिवारों को औसतन 10 से 25 हजार रुपये तक की अतिरिक्त आय हो जाती है। बड़े परिवारों में यह लाभ और भी अधिक होता है, जिससे साल भर के खर्चों में बड़ी मदद मिलती है।
अधिकारी-कर्मचारी और ठेकेदार की सक्रियता
सीजन के दौरान वन विभाग का अमला, फड़ मुंशी, हेल्पर और ठेकेदार के प्रतिनिधि लगातार क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। करीब डेढ़ महीने तक चलने वाले इस सीजन में सभी कर्मचारी समर्पित भाव से काम कर रहे हैं ताकि संग्रहण का लक्ष्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मजदूरों के पसीने की पूरी कीमत उन्हें मिले और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।










