कान्हा के सरही गेट पर आधुनिक कैंटीन का आगाज
अब महिलाओं के हाथ में होगी स्वाद की कमान
- ईको पर्यटन बोर्ड के सहयोग से नई पहल
- स्थानीय व्यंजनों से रूबरू होंगे देश-दुनिया के पर्यटक
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व ने वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। बताया गया कि उद्यान के सरही गेट पर नवनिर्मित आधुनिक कैंटीन का शुभारंभ किया गया। इस कैंटीन की सबसे खास बात यह है कि इसका पूरा संचालन स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के हाथों में सौंपा गया है, जो महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश कर रहा है।
कैंटीन का उद्घाटन प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्रीमती समिता राजोरा एवं अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक प्रकाश वर्मा, सुश्री अमिता केबी सहित स्थानीय वन अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने कैंटीन का अवलोकन कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्साह की सराहना की।
रोजगार और स्वाद का संगम
इस कैंटीन का संचालन पीपल स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। मध्य प्रदेश ईको पर्यटन बोर्ड के सहयोग से शुरू हुई इस पहल से जहाँ पर्यटकों को जंगल की सैर के बीच घर जैसा शुद्ध और स्थानीय भोजन मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के लिए घर के पास ही सम्मानजनक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
संवाद से सुलझाईं समस्याएं
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने एक विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसमें स्थानीय ग्रामवासियों, गाइडों और जिप्सी एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। अधिकारियों ने इन सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए जायज मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पहल को पार्क प्रबंधन और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सार्थक कदम माना जा रहा है।









