एक किलो से अधिक गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
- नशे के सौदागरों पर मंडला पुलिस का प्रहार
- 50 हजार की कीमत का अवैध गांजा बरामद, आरोपी को भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हिरदेनगर पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तस्करी की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार हिरदेनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुर क्रांति कुमार ब्रम्हे द्वारा टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरछट ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया।
50 हजार का गांजा बरामद
कार्यवाही के दौरान आरोपी के कब्जे से एक थैले में रखा 1 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रूपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर विधिवत जब्ती की कार्यवाही कर आरोपी को अपनी अभिरक्षा में लिया।
आरोपी को किया न्यायालय में पेशी
आरोपी के विरुद्ध थाना महाराजपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस सराहनीय कार्यवाही में उप निरीक्षक हरछट ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक रमेश पटेल, प्रधान आरक्षक धीरज नाग, उत्तम सिंह गोठरिया, आरक्षक सुनील सिंह, महेश उइके एवं रशीद पुशाम की मुख्य भूमिका रही।











