मनमानी सूची और वित्तीय गड़बड़ी का मामला
तेंदूपत्ता समिति खारी में प्रबंधकीय अनियमितताओं का आरोप
- सदस्यों ने प्रबंध संचालक से की प्रबंधक की शिकायत
- खारी समिति के प्रबंधक को हटाने के लिए लामबंद हुए संग्रहक सदस्य
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की प्राथमिक लघु वन उपज सहकारी समिति 346 खारी में प्रबंधकीय कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहरा गया है। समिति के जागरूक सदस्यों ने वर्तमान प्रबंधक गणेश प्रसाद धुमकेती पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रबंध संचालक, जिला वन उपज सहकारी यूनियन (सामान्य) मंडला को एक शिकायती पत्र प्रेषित किया है। सदस्यों ने प्रबंधक पर मनमानी करने, चयन सूची में फेरबदल करने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। बताया गया कि पूर्व में भी छपरा समिति 356 की शिकायत की गई थी। यहां भी प्रबंधन और अध्यक्ष के द्वारा बगैर प्रस्ताव के चार-पांच मुंशीयों को हटाया गया जिसके लिए तेंदूपत्ता संघ द्वारा इसके लिए आवेदन जिला प्रबंधक संचालक को दिया गया था।
चयनित नामों को काटकर नए नाम जोडऩे का आरोप
शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के लिए फड़ मुंशियों का चयन समिति द्वारा सर्वसम्मति से किया गया था। आरोप है कि प्रबंधक ने सदस्यों द्वारा पारित सूची में हेरफेर करते हुए अपनी मर्जी से नए नाम दर्ज कर वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिए। सदस्यों ने स्पष्ट किया कि फड़ पीपरपानी से मुन्ना लाल परस्ते, कुडोपानी से श्यामा बाई और टिकरा बेरपानी से सावित्री बाई धुर्वे के नाम सर्वसम्मति से तय थे, जिन्हें प्रबंधक ने काट दिया।
पारदर्शिता के अभाव के साथ की वित्तीय गड़बड़ी
सदस्यों ने बताया कि प्रबंधक द्वारा शासन की नीतियों और समिति की गतिविधियों की जानकारी साझा नहीं की जाती। पूछने पर मैं अपने तरीके से काम चलाऊँगा कहकर सदस्यों को गुमराह किया जाता है। पत्र में उल्लेख है कि ग्राम समिति के बिना किसी प्रस्ताव के सीसी रोड निर्माण कार्य कराया गया और फड़ क्रमांक दुपट्टा (ब) में वर्ष 2023-24 के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहण खाते से लगभग 52,000 से 53,000 रुपये का नियम विरुद्ध आहरण किया गया है।
तत्काल हटाने की मांग
समिति के सदस्यों ने विनम्र प्रार्थना की है कि तेंदूपत्ता संग्रहण और शाखकरतन का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रबंधक गणेश प्रसाद धुमकेती के विरुद्ध तत्काल जांच की जाए। सदस्यों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक उन्हें पद से पृथक किया जाए और समिति के सुचारू संचालन के लिए नए प्रबंधक की व्यवस्था की जाए ताकि आने वाले सीजन में सदस्यों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सदस्यों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
प्रबंधक की इस कार्यप्रणाली से समिति के सदस्यों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सदस्य सुखलाल धुर्वे, गुलाब सिंह मरावी, लाखन सिंह उइके, गणेश भारती, भूपत सिंह मरावी, राम सिंह मार्को, लामिया भाई मार्को और पूरन सिंह परस्ते सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की सूक्ष्म जांच कराई जाए। सदस्यों की मांग है कि आहरित की गई राशि को पुन: समिति के खाते में जमा कराया जाए जिससे उसे वास्तविक निर्माण कार्यों में लगाया जा सके। समिति सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्यवाही नहीं की गई और भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।










