कचरे के ढेर में लगाई जा रही आग, गैस सिलेंडरों के पास हादसे को न्यौता

नारायणगंज बस स्टैंड में लापरवाही

कचरे के ढेर में लगाई जा रही आग, गैस सिलेंडरों के पास हादसे को न्यौता

  • ठेला व्यापारियों द्वारा खुले में कचरा जलाने से सुरक्षा पर मंडराया खतरा

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में हाथ ठेला व्यापारियों की लापरवाही सामने आ रही है। व्यापारियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंककर उसमें आग लगाई जा रही है, जिससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर कचरा जलाया जा रहा है, उसके बिल्कुल समीप ही व्यापारियों के गैस सिलेंडर रखे हुए हैं। ज्वलनशील गैस सिलेंडरों के पास इस तरह खुले में आग जलाना किसी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि यदि हवा के रुख या लापरवाही के कारण आग सिलेंडरों तक पहुँचती है, तो भारी जनहानि और संपत्ति का नुकसान होना तय है।

कचरा पेटी होने के बावजूद नियमों की अनदेखी 

बताया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में कचरा प्रबंधन के लिए डस्टबिन रखवाई गई हैं। इसके बावजूद ठेला व्यापारी उनका उपयोग करने के बजाय खुले में कचरा फेंकना और उसे जलाना ज्यादा आसान समझ रहे हैं। इस धुएं से आसपास के रहवासियों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और पूरा वातावरण दूषित हो रहा है।

क्षेत्रवासियों ने की कार्रवाई की मांग 

क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत प्रबंधन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि व्यापारियों को कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करने के लिए सख्त निर्देश दिए जाएं और लापरवाही बरतने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे किसी भी संभावित अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।



 

Leave a Comment