भ्रष्टाचार और एरियर भुगतान में देरी से शिक्षकों में आक्रोश

Advertisements

नैनपुर बीईओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप

शिक्षकों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, अन्वेषक और बाबू को हटाने की मांग

  • भ्रष्टाचार और एरियर भुगतान में देरी से शिक्षकों में आक्रोश
  • एक सप्ताह में समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर ब्लॉक के शिक्षकों ने बीईओ कार्यालय की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ब्लॉक शाखा नैनपुर के बैनर तले शिक्षकों ने जिला कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का आरोप है कि बीईओ कार्यालय में पदस्थ अन्वेषक और बाबू की कार्यप्रणाली के कारण शिक्षकों का मानसिक और आर्थिक उत्पीडऩ किया जा रहा है।ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि नैनपुर ब्लॉक के शिक्षकों की क्रमोन्नति, एचआरए और वेतन-वृद्धि के एरियर का भुगतान पिछले 2-3 वर्षों से लंबित है। आरोप है कि अन्वेषक भाऊ लाल पारधी और बाबू अशोक यादव की सांठ-गांठ से बिना लेन-देन के कोई भी बिल पास नहीं किया जाता। जो शिक्षक लेन-देन नहीं करते, उनके बिलों में जानबूझकर त्रुटियां निकालकर उन्हें ट्रेजरी ऑफिस से रिजेक्ट करा दिया जाता है। शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ बाबू ट्रेजरी ऑफिस के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं।

विवादित कर्मियों को नहीं हटाने पर खड़े किए सवाल 

शिक्षकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में शिकायतों के बाद तत्कालीन बीईओ को तो हटा दिया गया, लेकिन विवादित अन्वेषक और बाबू अब भी उसी कार्यालय में जमे हुए हैं। आरोप है कि अन्वेषक भाऊ लाल पारधी 100 किमी दूर से अप-डाउन करते हैं और शिक्षकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। वहीं बाबू अशोक यादव पूर्व में कई बार निलंबित हो चुके हैं, फिर भी उन्हें स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य से नहीं हटाया जा रहा है।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी 

संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर विवादित कर्मियों को नहीं हटाया गया और लंबित एरियर का भुगतान नहीं हुआ, तो शिक्षक बीईओ कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि भीषण गर्मी में हड़ताल के दौरान यदि किसी की तबीयत बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सहायक आयुक्त कार्यालय मंडला की होगी। इस दौरान ब्लाक संयोजक अमरसिंह चंदेला, नरेन्द्र सिंह चौहान, मनीष कटकवार, भूपेन्द्र सिंह चौहान, परसराम उइके, पतिराम डिबरिया, नीरज यादव, दशरथ बर्मन, गिरानी लाल उडावी, हीरालाल मलगाम, शैलेन्द्र शुक्ला, सुनित विश्वकर्मा, संजीव सोनी शामिल रहे।



 

Leave a Comment