कान्हा टाइगर रिजर्व में मादा बाघ शावक की मौत
उमरपानी क्षेत्र में मिला शव, पीएम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
- कान्हा नेशनल पार्क में रेस्क्यू ऑपरेशन
- बीमार मादा बाघ और शावक को भेजा गया क्वारंटाइन सेंटर
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व मण्डला के अंतर्गत परिक्षेत्र सरही के उमरपानी कक्ष क्रमांक 669(68) में एक मादा बाघ शावक की मृत्यु का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया और हाथियों की मदद से गहन छानबीन की।
पोस्टमार्टम के बाद किया अंतिम संस्कार
उप संचालक के निर्देशानुसार, मृत मादा बाघ शावक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर भेजा गया था। रविवार, 26 अप्रैल को विशेषज्ञों की टीम, जिसमें डॉ. सोमेश मिश्रा और डॉ. निधि राजपूत शामिल थे, की उपस्थिति में पोस्टमार्टम संपन्न हुआ। निर्धारित एसओपी (स्ह्रक्क) का पालन करते हुए मुख्य वन संरक्षक मसतराम बघेल, क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व और अन्य राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बीमार बाघ और एक अन्य शावक का किया रेस्क्यू
इसी क्षेत्र में एक अन्य मादा बाघ और उसके शावक के बीमार होने की सूचना पर रविवार को एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) और कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक की उपस्थिति में बांधवगढ़ से आए वन्यप्राणी चिकित्सकों ने मादा बाघ और शावक को बेहोश (निश्चेतीकरण) कर उनका रेस्क्यू किया।
जांच के लिए सैंपल
रेस्क्यू के बाद चिकित्सकों ने बीमारी का पता लगाने के लिए बाघों के रक्त, स्वैब और स्लाइड सैंपल लिए। वर्तमान में मादा बाघ और शावक को नियमित स्वास्थ्य जांच और निगरानी के लिए मुक्की परिक्षेत्र स्थित क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।










