बच्चों को मोबाइल से दूर कर आध्यात्म से जोड़ने की अनूठी पहल

Advertisements

आध्यात्म की राह

श्री गुरुद्वारा साहिब में समर चालिया एवं 40 दिवसीय अखंड पाठ का भव्य आगाज 

  • बच्चों को मोबाइल से दूर कर आध्यात्म से जोड़ने की अनूठी पहल
  • 29 मई को होगा समापन

मंडला महावीर न्यूज 29। अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में श्री अमृतवेला सत्संग समिति द्वारा सोमवार प्रातः समर चालिया महोत्सव का श्रद्धापूर्वक शुभारंभ किया गया। इस विशेष अवसर पर समिति ने 40 दिवसीय अखंड पाठ का भी प्रारंभ किया, जिसका मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण, परिवारों की सुख-शांति और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है।महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में संगत एकत्रित हुई। कार्यक्रम के दौरान श्री ग्रंथ साहिब जी की आरती, पूजा और अरदास की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सभी परिवारों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। समिति के सदस्यों ने बताया कि साल में दो बार, ग्रीष्मकाल और शीतकाल में चालिया महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसे आस्थावान श्रद्धालु पूरी निष्ठा के साथ मनाते हैं।

बच्चों को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास 

समर चालिया का एक प्रमुख उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया और मोबाइल की लत से दूर रखकर धर्म और आध्यात्म की ओर अग्रसर करना है। स्कूल की छुट्टियां होने के कारण बच्चे इस 40 दिवसीय आयोजन में अधिक समय दे सकेंगे, जिससे उन्हें अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

11 वर्षों से जल रही है अमृतवेला की अलख 

श्री अमृतवेला सत्संग समिति पिछले 11 वर्षों से निरंतर अमृतवेला का आयोजन कर रही है। व्यस्त जीवनशैली के बीच मानसिक शांति और एकाग्रता के लिए प्रातः काल का सिमरन अत्यंत प्रभावी माना जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए प्रतिदिन प्रातः 4 बजे से प्रमुख गतिविधियां की जा रही है, जिसमें सुखमनी साहिब पाठ, जपजी साहिब, चौपाई साहिब, सिमरन और विशेष आरती-अरदास किया जा रहा है। इस गरिमामयी आयोजन के पहले दिन कार्यक्रम के अंत में संगत के बीच गुरु प्रसाद का वितरण किया गया। श्री अमृतवेला सत्संग समिति ने बताया कि इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन 29 मई को होगा।



 

 

Leave a Comment