ऑपरेशन मुस्कान: मंडला पुलिस की सफलता
केरल और गुजरात से 5 नाबालिग बालिकाएं दस्तयाब
- बिछिया और मोहगांव से लापता पांच बालिकाओं को केरल-अहमदाबाद से सकुशल छुड़ाया
- पांच नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षित घर वापसी
मंडला महावीर न्यूज 29। मंडला जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में बिछिया और मोहगांव पुलिस की विशेष टीमों ने देश के अलग-अलग राज्य केरल और गुजरात में दबिश देकर पांच नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद किया है।
जानकारी अनुसार थाना बिछिया क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से नाबालिग बालिकाओं के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने शिकायत की थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी बेटियों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। इस पर पुलिस ने धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बिछिया निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। स्थानीय स्तर पर सुराग न मिलने पर पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली। प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम को तत्काल इडुक्की (केरल) और अहमदाबाद (गुजरात) रवाना किया गया।
केरल और गुजरात में पुलिस की दबिश
पुलिस टीमों की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप थाना बिछिया पुलिस द्वारा इडुक्की (केरल) से 03 और अहमदाबाद (गुजरात) से 01 बालिका को दस्तयाब किया गया। इसके साथ ही थाना मोहगांव पुलिस द्वारा केरल राज्य से ही एक अन्य नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।
परिजनों को सौंपी गई खुशियां
सभी 05 बालिकाओं को सुरक्षित मंडला लाने के बाद आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गईं और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस सफल अभियान में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश विजयवार, राजेश यादव, आरक्षक गजरुप उद्दे, अजय झारिया और साइबर सेल के आरक्षक सूर्यकांत बघेले की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।










