न प्रतीक्षालय, न शौचालय, महिला यात्री परेशान

बिंझिया तिराहे पर यात्री सुविधाओं का अभाव

न प्रतीक्षालय, न शौचालय, महिला यात्री परेशान

  • व्यस्ततम सरदार पटेल तिराहे पर सुविधाओं की दरकार
  • प्याऊ और वाशरूम की मांग ने पकड़ा जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय से सटे ग्राम बिंझिया का मुख्य तिराहा, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल तिराहा के नाम से जाना जाता है, वर्तमान में अव्यवस्थाओं का केंद्र बना हुआ है। यातायात की दृष्टि से यह क्षेत्र जिले के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक है, जहां दिन-रात बसों की आवाजाही बनी रहती है। यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद मंडला ने यहां ‘अस्थाई बस स्टैंड’ का बोर्ड तो लगा दिया है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं देना भूल गई है।

अहम पड़ाव होने के बावजूद शून्य सुविधाएं 

स्थानीय नागरिक अखिलेश चंद्रौल ने बताया कि मंडला से सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, नागपुर, जबलपुर, भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों के लिए बसें इसी तिराहे से होकर गुजरती हैं। सैकड़ों यात्री प्रतिदिन यहाँ से बसों में सवार होते हैं या दूसरे रूट की बसें बदलते हैं। इतनी महत्वपूर्ण लोकेशन होने के बावजूद यहां न तो यात्रियों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय है, न ही पीने के पानी के लिए प्याऊ की व्यवस्था।

महिला यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें 

सुविधाओं के अभाव में सबसे ज्यादा परेशानी महिला यात्रियों को उठानी पड़ रही है। मूत्रालय (वाशरूम) न होने के कारण लंबी दूरी तय कर आने वाली महिलाओं को भारी असहजता का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रीय नागरिकों और यात्रियों का कहना है कि यदि बिंझिया तिराहा पर जल्द से जल्द एक व्यवस्थित प्रतीक्षालय और सर्वसुविधायुक्त महिला वाशरूम का निर्माण कराया जाता है, तो यह आम जनता के लिए बड़ी राहत होगी।



 

Leave a Comment