नवोदय विद्यालय पदमी की छात्रा सिमी हरदहा ने रचा इतिहास
10वीं में 95.2% अंक पाकर बनीं विद्यालय टॉपर
- ग्राम मधुपुरी में जश्न का माहौल
- सिमी की सफलता ने बढ़ाया मंडला जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में जवाहर नवोदय विद्यालय, पदमी की छात्रा सिमी हरदहा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। सिमी ने 95.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान (टॉप) प्राप्त किया है।
ग्राम मधुपुरी की निवासी सिमी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता श्री संजय हरदहा ने बेटी की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि सिमी बचपन से ही लक्ष्य के प्रति समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वाध्याय, कठोर अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही सिमी आज इस मुकाम पर पहुँच पाई है। सिमी की सफलता की खबर मिलते ही उनके गृह ग्राम मधुपुरी में खुशी की लहर दौड़ गई और शुभचिंतकों का तांता लग गया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक स्टाफ ने सिमी की इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। प्राचार्य ने बताया कि सिमी न केवल पढ़ाई में अव्वल हैं, बल्कि विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भी उनकी सक्रियता सराहनीय रहती है। शिक्षकों के अनुसार, परीक्षा के दौरान सिमी की एकाग्रता और समय प्रबंधन का ही परिणाम है कि उन्होंने इतने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं।
सिमी हरदहा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सही अवसर और वातावरण मिले, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि संपूर्ण मंडला जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सिमी की यह जीत क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बन गई है। विद्यालय परिवार और जिले के गणमान्य नागरिकों ने सिमी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें उज्ज्वल करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।











