जायदाद की भूख ने बनाया कसाई: भाई ने भाई के किए टुकड़े

Advertisements

रिश्तों का कत्ल: कलयुगी भाई ने संपत्ति के लिए छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटा

सेप्टिक टैंक में मिले शव के टुकड़े

  • सनसनी: 10 दिनों से लापता युवक का घर में ही मिला क्षत-विक्षत शव
  • खून के धब्बों ने खोली बड़े भाई की पोल
  • जायदाद की भूख ने बनाया कसाई
  • भाई ने भाई के किए टुकड़े, घर के गटर में मिली लाश
  • गायब भाई को ढूंढने का नाटक करता रहा कातिल, बदबू ने खोल दिया खूनी राज

मंडला महावीर न्यूज 29| मंडला जिले के अंजनियां चौकी अंतर्गत करियागांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। एक बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने ही छोटे भाई की नृशंस हत्या कर शव के टुकड़े घर के ही सेप्टिक टैंक में छिपा दिए। शुक्रवार सुबह जब टैंक से भारी दुर्गंध उठी, तब इस रूह कंपा देने वाले हत्याकांड का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आशीष साहू के रूप में हुई है।

लापता होने का नाटक और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

जानकारी अनुसार मृतक के पिता मुन्ना लाल साहू ने 15 अप्रैल को अंजनियां चौकी में आशीष की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता 9 अप्रैल से पारिवारिक कार्यक्रमों में बाहर थे। इसी बीच 11 अप्रैल को आशीष अपने पिता से मिलकर घर लौटा था, जिसके बाद से वह गायब था। बड़े भाई घनश्याम (30) ने खुद पिता के पास जाकर आशीष के लापता होने की झूठी सूचना दी और उसके साथ मिलकर उसे ढूंढने का ढोंग करता रहा।

सेप्टिक टैंक से खुला मौत का राज

शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जब घर के सेप्टिक टैंक से असहनीय बदबू आने लगी, तो परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में जब टैंक खुलवाया गया, तो अंदर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। आशीष का शव टुकड़ों में टैंक के भीतर पड़ा था।

संपत्ति विवाद: जमीन, मकान और ट्रैक्टर के लिए ली जान

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, घर की पूरी संपत्ति (जमीन, मकान और ट्रैक्टर) मृतक आशीष के नाम पर थी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता रहता था। पिता मुन्ना लाल ने सीधे तौर पर अपने बड़े बेटे घनश्याम पर हत्या का आरोप लगाया है।

आरोपी ने कबूला आरोप 

घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम को घर के भीतर खून के धब्बे मिले हैं, जिन्हें साफ करने की कोशिश की गई थी। पुलिसिया पूछताछ में संदिग्ध बड़े भाई घनश्याम ने कुल्हाड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की है।

“पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।” — पुलिस चौकी, अंजनियां



रिपोर्टर – गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया मंडला 

Leave a Comment