सनसनी-महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Advertisements

निवास: घुरनेर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

  • सनसनी: चेहरे को पत्थर से कुचलने के निशान मिले
  • पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष को हिरासत में लिया

मंडला महावीर न्यूज 29|  निवास थाना क्षेत्र के ग्राम घुरनेर में एक 40 वर्षीय अधेड़ महिला का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतिका की पहचान तुलसा बाई सिंगरोरे (पति चंद्रिका प्रकाश) के रूप में हुई है। शरीर पर मौजूद गंभीर चोट के निशानों को देखते हुए प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही निवास एसडीओपी पीएस वालरे और थाना प्रभारी गोपाल घासले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। बताया गया कि  पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

मृतिका का जीवित अवस्थ की फोटो

परिजनों का गंभीर आरोप: ‘पत्थर से कुचलकर की हत्या’

घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। मृतिका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पति चंद्रिका प्रकाश आए दिन महिला के साथ मारपीट और विवाद करता था। आरोप है कि पति ने महिला के चेहरे को पत्थर से कुचलकर उसकी जान ली है। परिजनों ने मृतिका के पति, सास-ससुर और दो बेटों को भी दोषी ठहराया है, उनका कहना है कि अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाने का प्रयास नहीं किया।

बिगड़ते हालात देख पुलिस ने संभाला मोर्चा

मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मायके पक्ष के लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ और परिजनों के गुस्से को देखते हुए माहौल बिगड़ने की स्थिति बन गई थी। निवास पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और सुरक्षा की दृष्टि से मृतिका के पति व परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में लेकर थाने भेजा।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिवार के सदस्यों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ जारी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।



रिपोर्टर – रोहित प्रशांत चौकसे, निवास 

Leave a Comment