एसबीआई उदयपुर शाखा में कर्मचारियों की मनमानी से ग्रामीण परेशान
दुव्र्यवहार और लचर व्यवस्था के खिलाफ फूटा आक्रोश
- बैंक के चक्कर काटने को मजबूर बुजुर्ग और महिलाएं
- स्टेट बैंक उदयपुर में नहीं सुधर रही व्यवस्था, आमजन ने की शिकायत
मंडला महावीर न्यूज 29। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की उदयपुर शाखा में बैंक कर्मचारियों के अडिय़ल रवैये और अव्यवस्थाओं के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस शाखा से आसपास के लगभग 20 गाँवों के ग्रामीण बैंकिंग कार्यों के लिए सीधे तौर पर जुड़े हैं, लेकिन बैंक में संतोषजनक सेवा न मिलने के कारण आमजन में गहरा असंतोष व्याप्त है।
दुव्र्यवहार और सूचना का अभाव
ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक कर्मचारी उनसे सीधे मुँह बात नहीं करते और दुर्व्यवहार करते हैं। केवाईसी, खाता सुधार और पासबुक एंट्री जैसे छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ते हैं। विशेषकर महिलाओं और वृद्धजनों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार असहयोगात्मक बना हुआ है। एटीएम सुविधा न होने के कारण भी नगद निकासी के लिए लोग परेशान हैं।
सुधार की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन बैंक प्रबंधन पर इसका कोई असर नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि शाखा की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए, एटीएम की सुविधा शुरू की जाए और बैंक कर्मचारी विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं के प्रति अपना रवैया सहयोगात्मक रखें।
इनका कहना है
नया खाता खुलवाने के लिए आवेदन किया है, लेकिन कई दिनों से रोज चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अब तक खाता नहीं खोला गया है।
जफर इकबाल (ग्रामीण)
लाड़ली बहना और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए पासबुक एंट्री करवानी पड़ती है, जिसके लिए हमें यहाँ भटकना पड़ता है।
विसर्ती बाई (खाताधारक)
बैंक कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं देते, जिससे हमें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान होना पड़ता है।
सुकाली सिंह (खाताधारक)











