अंजनियां के मेधावियों का शानदार प्रदर्शन
गौरव पटैल ने जिले में हासिल किया तीसरा स्थान
- शैली और वंशिका बनीं स्कूल टॉपर
- शिक्षा के क्षेत्र में अंजनियां का दबदबा
- 12वीं में गौरव और वंशिका ने गाड़े सफलता के झंडे
- 10वीं में शैली रजक रही अव्वल
मंडला महावीर न्यूज 29. माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में अंजनियां क्षेत्र के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने संस्थान का, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
गौरव पटैल ने जिले की मेरिट में बनाई जगह
शासकीय संदीपनि विद्यालय अंजनियां के 12वीं विज्ञान संकाय के छात्र गौरव पटैल ने जिले की प्रावीण्य सूची में तीसरा स्थान हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। केवलारी निवासी गौरव (पिता श्री शरणगधार पटैल) ने 500 में से 476 अंक प्राप्त कर 95.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और परिजनों के मार्गदर्शन को दिया है।
वंशिका पटैल बनीं कन्या शाला की टॉपर
वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंजनियां की 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा वंशिका पटैल ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। अंजनियां निवासी वंशिका (पिता श्री संदीप पटैल) ने 500 में से 458 अंक प्राप्त कर 91.6 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
10वीं में शैली रजक ने मारी बाजी
शासकीय संदीपनि विद्यालय की ही छात्रा शैली रजक ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन किया है। शैली (पिता श्री कन्हैया लाल रजक) ने 500 में से 471 अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया। विद्यालय प्रबंधन ने शैली की उपलब्धि को अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
इन होनहार विद्यार्थियों की शानदार सफलता पर अंजनियां क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन और समस्त क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है। सभी ने मेधावियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई प्रेषित की है।













