बबैहा पुल पर रूह कंपा देने वाला हादसा

बबैहा पुल पर रूह कंपा देने वाला हादसा

अज्ञात वाहन की टक्कर से पति का पैर कटकर रेलिंग पर लटका, नदी में गिरने से मौत

  • ससुराल से लौट रहे दंपति के साथ काल का कू्रर मजाक
  • हाईवे पर भीषण दुर्घटना में पति ने तोड़ा दम, पत्नी की हालत नाजुक

मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जबलपुर हाईवे स्थित बबैहा पुल पर शनिवार देर शाम एक ऐसी हृदय विदारक सड़क दुर्घटना हुई, जिसने देखने वालों की रूह कँपा दी। एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे दंपति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पति का पैर कटकर पुल की रेलिंग पर ही लटक गया और वह स्वयं 60 फीट नीचे नदी के उथले पानी में जा गिरा। वहीं, पत्नी के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए।

गेहूँ की कटाई कर लौट रहे थे घर 

जानकारी अनुसार जुझारी निवासी रामचरण मरकाम अपनी पत्नी धनिया बाई के साथ अपनी ससुराल मंगलगंज भावल गया हुआ था। दंपति वहां गेहूँ की कटाई का काम निपटाकर देर शाम पैदल ही अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे फूलसागर के पास बबैहा पुल पार कर रहे थे, तभी मंडला से जबलपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

पुल पर लटका मिला कटा हुआ पैर 

टक्कर इतनी भयानक थी कि रामचरण का एक पैर शरीर से अलग होकर पुल की लोहे की रेलिंग में फँस गया। संतुलन बिगडऩे के कारण रामचरण सीधे पुल से नीचे साठ फीट गहरी उथली नदी में जा गिरा। वहीं, हाईवे पर सड़क के ऊपर धनिया बाई के दोनों पैरों के ऊपर से वाहन गुजर गया, जिससे उनके पैरों का मांस पूरी तरह अलग हो गया और हड्डियाँ तक दिखाई देने लगीं। धनिया बाई के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।

इलाज के दौरान पति ने तोड़ा दम 

ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने पुल के नीचे उतरकर लहूलुहान हालत में रामचरण को रेस्क्यू किया। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रामचरण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में धनिया बाई की हालत भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

अज्ञात वाहन की तलाश जारी 

इस घटना ने एक बार फिर बबैहा पुल पर सुरक्षा इंतजामों और हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कहर पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन का पता लगा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।



 

Leave a Comment