रफ्तार का कहर-बेकाबू स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा, एक की मौत

Advertisements

मंडला में रफ्तार का कहर

बस स्टैंड के पीछे बेकाबू स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल

  • रात को स्कॉर्पियो चालक ने मचाया कोहराम
  • पान की दुकान के पास खड़े लोगों को मारी टक्कर
  • युवक की मौके पर मौत

मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बस स्टैंड के पीछे कलेक्ट्रेट कॉलोनी की गली में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने पान की दुकान के पास खड़े लोगों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों बताया कि बस स्टैंड की ओर से आ रही स्कॉर्पियो जिसे चालक अभिषेक मरावी, निवासी देवरी नारायणगंज अत्यधिक गति में चला रहा था। रहवासी क्षेत्र के तिराहे पर स्थित पान की दुकान के पास चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और तेज रफ्तार में सीधे पान की दुकान के बाजू में आकर भिड़ गया। इसी स्थान पर वहां खड़े लोगों और चार दोपहिया वाहनों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का बोनट के परखच्चे उड़ गए और दोपहिया वाहन चकनाचूर हो गए।

हादसे में एक की मौत 

बताया गया कि इस दुर्घटना में शनील निखर निवासी राधा कृष्ण वार्ड, मंडला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आसिफ हुसैन 40 वर्ष के सिर, पसली और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। राहुल कछवाहा 35 वर्ष का पैर भी बुरी तरह जख्मी हुआ है। एक अन्य युवक को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ये लोग अस्पताल में किसी परिजन की डिलीवरी के सिलसिले में आए थे।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस 

हादसे के बाद चालक वाहन से बाहर निकला, जिसे वहां मौजूद लोगों ने भागने से रोक लिया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles