रक्तदान से संवरेगा जीवन
सिंधी भाषा दिवस पर मानवता की मिसाल
- सिंधु नवयुवक मंडल के शिविर में हुआ 44 यूनिट रक्तदान
- पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वाधान में उमड़ा उत्साह
- महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी भाषा दिवस के गौरवशाली अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वाधान में सिंधु नवयुवक मंडल मंडला द्वारा मानवता की सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब परिसर में आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 44 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्सकों और सामाजिक सलाहकारों की उपस्थिति में भगवान श्री झूलेलाल के चित्र पर दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। आयोजन में डॉ. प्रहलाद क्षत्री, डॉ. राहुल पमनानी, डॉ. शालू वीरानी, डॉ. वसुंधरा पमनानी और चिकित्सा सलाहकार श्याम लालवानी सहित सिंधी पंचायत के पदाधिकारी मौजूद रहे।

रक्तदाताओं का उत्साह, किया सम्मान
शिविर में विशेष सेल्फी पॉइंट बनाया गया था, जहाँ रक्तदान के बाद युवा फोटो क्लिक कराते नजर आए। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एकत्रित किया गया रक्त जिला ब्लड बैंक को सुपुर्द किया गया है। आयोजन को सफल बनाने में जिला चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंशुल शर्मा, पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. योगेश सिरश्याम और ब्लड बैंक की टीम का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों द्वारा सभी के लिए स्वल्पाहार और जूस की विशेष व्यवस्था की गई थी।











