सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन ने मनाया शौर्य दिवस
शहीद हल्कू राम परते के परिजनों का हुआ सम्मान
- शौर्य दिवस पर गूंजी वीर जवानों की गाथा
- सरदार पोस्ट की ऐतिहासिक विजय को कमांडेंट ने किया याद
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148वीं बटालियन द्वारा बटालियन मुख्यालय में पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ शौर्य दिवस मनाया गया। यह दिवस 9 अप्रैल 1965 को गुजरात के कच्छ के रण में स्थित सरदार पोस्ट पर पाकिस्तानी सेना की ब्रिगेड को धूल चटाने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में समर्पित है।
कार्यक्रम का शुभारंभ बटालियन के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया गया। इस दौरान बल के जवानों ने शहीदों को सलामी दी और उनके बलिदान को नमन किया। कमांडेंट ने अपने उद्बोधन में सरदार पोस्ट की ऐतिहासिक लड़ाई का विवरण देते हुए बताया कि कैसे सीआरपीएफ की एक छोटी सी टुकड़ी ने पाकिस्तानी सेना के हमले को न केवल विफल किया, बल्कि उनके 34 सैनिकों को ढेर कर चार को जीवित पकड़ लिया था। उन्होंने कहा कि यह वीरता आज भी बल के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है।
शहीद परिवार का सम्मान और सैनिक सम्मेलन
इस गौरवशाली अवसर पर मंडला जिले के निवासी शहीद सिपाही हल्कू राम परते के परिवार को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके उपरांत सैनिक सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें वाहिनी की परिचालनिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों पर चर्चा की गई।
खेलकूद और बड़े खाने का आयोजन
उत्सव के समापन पर जवानों के बीच खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और पारंपरिक बड़े खाने का आयोजन हुआ, जिसमें सभी अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री रत्नेश कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट श्रीमती मनोरमा सिंह सहित वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी एवं भारी संख्या में जवान उपस्थित रहे।










