चकोर नदी के पास गेहूं के खेत में तांडव
15 एकड़ फसल जलकर खाक, लाखों का नुकसान
- किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
- भीषण आग की चपेट में आए तीन खेत
- ग्रामीणों और दमकल विभाग ने पाया काबू
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के बड़ी खेर माई मंदिर क्षेत्र के पास स्थित चकोर नदी के उस पार बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लगने से तीन किसानों की लगभग 15 एकड़ फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस अग्निकांड में किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार को खेतों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। गर्मी और हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से आसपास के खेतों की ओर बढ़ने लगी। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही तबाही का मंजर साफ नजर आ रहा था।
ग्रामीणों की सूझबूझ ने टाला बड़ा हादसा
आग की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और बिना समय गंवाए अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयासों के कारण ही आग को अन्य समीपवर्ती खेतों तक फैलने से रोका जा सका, अन्यथा नुकसान का आंकड़ा और भी बढ़ सकता था।

दमकल और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझती, तब तक 15 एकड़ में लहलहाती गेहूं की फसल खाक हो चुकी थी।

जांच जारी
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पीड़ित किसानों और पूरे क्षेत्र में चिंता व शोक का माहौल है, क्योंकि कटाई के वक्त हुई इस तबाही ने किसानों की साल भर की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया है।










