बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन घायल

घुघरी क्षेत्र में सड़क हादसों का कोहराम

बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन घायल

  • तेज रफ्तार का कहर
  • दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं से दहल उठा घुघरी
  • गंभीर घायल जबलपुर रेफर

मंडला महावीर न्यूज 29.  मण्डला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है, वहीं अन्य का उपचार जिला अस्पताल मण्डला में जारी है।

दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, एक ने तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना घुघरी-मोहगांव मार्ग पर ग्राम कुमहर्रा और मलवाथर के बीच घटित हुई। यहाँ दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार ग्राम चाबी निवासी मुनेंद्र मरावी (17) और प्रेमकुमार अहिरवार (20) घुघरी की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे राहुल धुर्वे (25) की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल घुघरी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, जिला अस्पताल पहुँचने से पहले ही राहुल धुर्वे (25) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुनेंद्र मरावी को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया है, जबकि प्रेमकुमार अहिरवार का उपचार मण्डला आईसीयू में चल रहा है।

सिंगनपुरी रोड पर अनियंत्रित होकर पलटी बाइक

दूसरी दुर्घटना सिंगनपुरी रोड पर हुई। यहाँ सुरेहली कचरा टोला निवासी राकेश तिलगाम (20) अपनी दादी को छोड़कर वापस गाँव लौट रहा था, तभी उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में राकेश को गंभीर चोटें आई हैं। उसे भी स्थानीय लोगों की मदद से पहले घुघरी और फिर जिला अस्पताल मण्डला रेफर किया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज जारी है।प्रशासन और पुलिस ने इन घटनाओं के बाद वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है।



Leave a Comment