मंडला में गूंजेगी जय बजरंगबली की हुंकार
31 दिसंबर को होगा जिला केशरी दंगल, सूर्यकुण्ड में जुटा कुश्ती जगत
- सनातनी परंपरा कुश्ती को मिलेगा नया मंच
- महिला और पुरुष वर्ग के पहलवानों के बीच खिताब के लिए होगा महामुकाबला
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला इंडियन स्टाइल कुश्ती संघ की एक बैठक सूर्यकुण्ड में संपन्न हुई। इस बैठक में कुश्ती कला के संरक्षण, पहलवानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और जिले में आगामी खेल आयोजनों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रांतीय पदाधिकारियों सहित संभाग के वरिष्ठ कुश्ती विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कछवाहा, महासचिव अर्जुन यादव और अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सनातनी कुश्ती परंपरा को पुनर्जीवित करना और स्थानीय पहलवानों को उचित मंच व सुविधाएं प्रदान करना है। यदि खिलाडिय़ों को सही मार्गदर्शन मिले, तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपने माता-पिता, गुरु और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
31 दिसंबर को सजेगा जिला केशरी का मैदान
जिला सचिव किशोर गुप्ता ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि मंडला जिले में भव्य जिला केशरी दंगल का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 31 दिसंबर एवं 01 जनवरी 2027 को सूर्यकुण्ड में होगा। इस दंगल की खास बात यह होगी कि इसमें महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग खिताब प्रदान किए जाएंगे।
सूर्यकुण्ड समिति ने उठाया भोजन-आवास का बीड़ा
श्री हनुमान जी महाआरती भंडारा समिति के पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक दंगल के आयोजन की पहल की है। समिति द्वारा बाहर से आने वाले उस्तादों, कोचों और पहलवानों के ठहरने एवं भोजन की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। इस प्रतियोगिता में मंडला के साथ डिंडोरी जिले के पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रांतीय महासचिव अर्जुन यादव, प्रांतीय कोषाध्यक्ष राकेश यादव, जबलपुर जिला अध्यक्ष अरुण चंद्रवंशी, जबलपुर सचिव प्रवीण धनगर, जबलपुर उपाध्यक्ष नरवद काछी पहलवान, प्रांतीय सदस्य संतोष कुशवाहा, मंडला जिला अध्यक्ष गुलाब मरदरिया, संरक्षक शिवराज सिंह कछवाहा, मानसिंह कोकडिय़ा, नवलकिशोर देवांगन, जिला कोच वाजिद खान, बलवीर सिंह, हनुमान जी महाआरती भंडारा समिति अध्यक्ष नारायण कछवाहा, उमेश कछवहां, राजकुमार कछवाहा, भंडारा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णेश कछवाहा, बम्हनी बंजर हवेली क्षेत्र से अजय चंदेला मौजूद रहे। अंत में जिला अध्यक्ष गुलाब मरदरिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।











