नारायणगंज शराब दुकान हटाने की मांग ने पकड़ा जोर

Advertisements

नारायणगंज शराब दुकान हटाने की मांग ने पकड़ा जोर

प्रस्ताव पारित होने के बाद भी प्रशासन मौन

  • हनुमान मंदिर और बस स्टैंड के सामने शराब दुकान का विरोध
  • कार्रवाई न होने पर यूथ कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड और प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के ठीक सामने संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग अब तेज होती जा रही है। स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।

हैरानी की बात यह है कि इस शराब दुकान को हटाने के लिए पंचायत और जनपद स्तर पर विधिवत प्रस्ताव पारित किए जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को जनपद पंचायत नारायणगंज की सामान्य सभा में सर्वसम्मति से दुकान हटाने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद 21 अगस्त 2025 को ग्राम पंचायत पड़रिया नारायणगंज की ग्राम सभा में भी इसे हटाने का प्रस्ताव पारित हुआ। जनपद सीईओ द्वारा संबंधित विभागों को पत्र भी जारी किए गए, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

धार्मिक स्थल और सार्वजनिक क्षेत्र में तनाव 

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थल के सामने शराब दुकान होने से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि राहगीरों और महिलाओं को भी आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता है। पिछले सप्ताह तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन के बाद भी आबकारी विभाग या जिला प्रशासन की ओर से कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई है।

आंदोलन की तैयारी में यूथ कांग्रेस 

निवास विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रीतेश सोनी ने बताया कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को आबकारी विभाग मंडला के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी प्रशासन ने अनदेखी की, तो उग्र रणनीति बनाकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

आस्था और सुरक्षा पर प्रहार 

स्थानीय नागरिकों ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि हनुमान मंदिर जैसे पवित्र स्थल के ठीक सामने शराब दुकान का होना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि बस स्टैंड पर आने-जाने वाली महिलाओं, विद्यार्थियों और यात्रियों के लिए भी असुरक्षा का कारण बना हुआ है। शराबियों की मौजूदगी से सार्वजनिक मर्यादा भंग हो रही है।

शीघ्र कार्रवाई की चेतावनी 

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि इस शराब दुकान को तत्काल व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर भेजा जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।



 

Leave a Comment