औढ़ारी में सात दिनों तक गूंजा स्वच्छता और जनजागृति का संदेश

औढ़ारी में सात दिनों तक गूंजा स्वच्छता और जनजागृति का संदेश

सेवा और समर्पण के साथ सिंगारपुर एनएसएस शिविर का समापन

  • समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
  • एथेनिक फैशन शो रहा आकर्षण का केंद्र

मंडला महावीर न्यूज 29. भारत सरकार के खेल एवं युवा मंत्रालय और मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्राम औढ़ारी के बालक आश्रम शाला में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व प्राचार्य जयकुमार बैरागी के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी अशोक वरकड़े के कुशल नेतृत्व में किया गया।शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रमदान को अपनी प्राथमिकता बनाया। सात दिनों के भीतर छात्रों ने ग्राम औढ़ारी के खेरमाई माता मंदिर परिसर की विशेष सफाई और पुताई की। आश्रम शाला से कोयलार टोला तक के पहुंच मार्ग के गड्ढों में मुर्रम भरकर समतलीकरण किया। औढ़ारी-बड़झर मुख्य मार्ग पर सड़क मरम्मत का कार्य कर ग्रामीणों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराया। आवास परिसर की लिपाई-पुताई और आसपास की झाडिय़ों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

नशा मुक्ति अभियान के साथ जल संरक्षण का संदेश 

शिविर के पांचवें दिन छात्रों ने औढ़ारी के घुघरा घाट पर नर्मदा नदी की सफाई की। नदी से प्लास्टिक, पन्नी और कचरा निकालकर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अलावा, गांव में जनजागरूकता रैली निकालकर नारों, गीतों और नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सशक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

समापन समारोह के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एथेनिक फैशन शो का आयोजन किया, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों और स्थानीय आदिवासी लोकनृत्य कर्मा-सैला की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों और ग्रामवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद 

समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अंजली मरावी सरपंच, सिंगारपुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य जय कुमार बैरागी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. बीएल झारिया जिला संगठक एनएसएस, राजेश चक्रवर्ती उपसरपंच और राजेश दुबे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।



 

Leave a Comment