तेज रफ्तार का कहर, मंडला में भीषण सड़क हादसा
एनएच-30 पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
- तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
- बिछिया क्षेत्र के तीन घरों में छाया मातम
- हेलोन डेम रोड पर हुई टक्कर में एक गंभीर रूप से घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 से गढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत हेलोन डेम रोड पर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। चारटोला के नजदीक दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। सभी मृतक बिछिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

राहगीरों की सूचना पर पहुँची बिछिया पुलिस
घटना की जानकारी राहगीरों द्वारा तत्काल बिछिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल व मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया लाया गया। बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि प्राथमिक रूप से घटना गढ़ी थाना क्षेत्र की प्रतीत होती है, लेकिन पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जाँच कर रही है।
काम से लौट रहे थे युवक
जानकारी अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बाइकों में से एक पर तीन व्यक्ति सवार थे, जो चारटोला की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर एक व्यक्ति सवार था, जो अपना काम खत्म कर बिरसा बांध के रास्ते घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार मृतकों में करंजिया माल निवासी जगदीश यादव (36 वर्ष) शामिल हैं, जो लाइनमैन का काम करते थे। दो अन्य मृतक ग्राम जामुन टोला (पंचायत करंजिया माल) के निवासी हैं, जिनकी पहचान मोनिष मोंगरे (32 वर्ष) और संकित टांडीया (30 वर्ष) के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जाँच में जुट गई है।










