एक भारत श्रेष्ठ भारत
नागालैंड की सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानेंगे मंडला के दो होनहार विद्यार्थी
- हवाई यात्रा से नागालैंड रवाना हुए जूही और राजकुमार
- राष्ट्रीय एकता और विविधता को समझने का मिला सुनहरा मौका
मंडला महावीर न्यूज 29. लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत मंडला जिले के दो विद्यार्थियों का चयन नागालैंड भ्रमण के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर की कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी जूही बरमैया एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मधुपुरी के छात्र राजकुमार जंघेला शामिल हैं।
सात दिवसीय भ्रमण पर रवाना
दोनों विद्यार्थी मध्यप्रदेश के 32 सदस्यीय दल के साथ भोपाल से हवाई यात्रा द्वारा नागालैंड के लिए रवाना हुए। यह भ्रमण 1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित है। इस यात्रा के दौरान विद्यार्थी नागालैंड की समृद्ध परंपराओं, कला और वहां की जीवनशैली का अनुभव करेंगे।
सांस्कृतिक विविधता की समझ बढ़ाना है उद्देश्य
इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना और सांस्कृतिक विविधता के प्रति समझ विकसित करना है। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न राज्यों की परंपराओं, भाषाओं और रहन-सहन के प्रति सम्मान की भावना सीखेंगे, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होगी।
शिक्षा विभाग ने दी बधाई
विद्यार्थियों को मिले इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक एलएस मसराम, सहायक परियोजना समन्वयक मुकेश पांडे, मधुपुरी शाला प्राचार्या सीमा चंद्रोल और महाराजपुर शाला प्राचार्या विभा मिश्रा ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।









