नैनपुर में बड़ा हादसा
11 KV लाइन पर काम करते समय खंभे से गिरा आउटसोर्स कर्मचारी, हालत गंभीर
- ठेकेदार की लापरवाही आई सामने
- बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करा रहा था ठेकेदार
- करंट की चपेट में आने से युवक जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर थाना क्षेत्र के पिंडरई चौकी अंतर्गत ग्राम कटारे मोहगांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ बिजली सुधार कार्य के दौरान एक आउटसोर्स कर्मचारी ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण आज एक युवा कर्मचारी जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।
खराब मौसम और सुरक्षा का अभाव
जानकारी के अनुसार, बीजेगांव डेम निवासी प्रदीप परते (22 वर्ष), पिता भंगी परते, उप संभाग विद्युत मंडल नैनपुर की अत्यंत संवेदनशील 11 KV लाइन पर काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में मौसम खराब था और बिगड़ैल मौसम के बावजूद कर्मचारी से काम कराया जा रहा था। आरोप है कि काम के दौरान कर्मचारी के पास सुरक्षा के कोई माकूल इंतजाम या उपकरण उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते वह संतुलन खो बैठा और सीधे खंभे से नीचे आ गिरा।
हाथ-पैर में फैक्चर, जबलपुर रेफर
खंभे से गिरने के कारण प्रदीप के दोनों हाथों में गंभीर फैक्चर आए हैं और पैर में भी चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद घायल को सिविल अस्पताल नैनपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया है।
लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने विद्युत विभाग के ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों से जान जोखिम में डालकर काम तो कराया जाता है, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती। फिलहाल कर्मचारी की हालत नाजुक बनी हुई है।









