माँ नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प

माँ नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प

युवाओं ने घाटों से हटाया कचरा, स्वच्छता के संकल्प के साथ जल संरक्षण का दिया संदेश

  • आस्था के साथ अनुशासन भी जरूरी
  • भालीवाड़ा और पांडीवाड़ा के युवाओं ने की टाटीघाट की सफाई
  • लोगों से साबुन का प्रयोग न करने की अपीलमंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति और प्रकृति की जननी हैं। इसके अस्तित्व को बचाने और प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से क्षेत्र के युवाओं द्वारा एक विशेष स्वच्छता अभियान और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भालीवाड़ा, पांडीवाड़ा और टाटीघाट के युवाओं ने एकजुट होकर नर्मदा घाटों की सफाई की और मु_ी भर नर्मदा जल लेकर माँ रेवा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान नर्मदा नदी की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि सरकारी दावों के विपरीत धरातल पर नर्मदा का जल तेजी से अशुद्ध हो रहा है। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन लाखों लीटर गंदा पानी, फैक्ट्रियों का कचरा, अस्पतालों का संक्रमित जल और शहरों की गंदगी सीधे नर्मदा में मिल रही है। यदि रेत का अवैध उत्खनन और जंगलों का कटान इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले 50 वर्षों में नर्मदा का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है।

युवाओं ने पेश की मिसाल 

दादू राम सत्य राम महाराज के अनुयायियों और स्थानीय युवा संगठन ने टाटीघाट पर श्रमदान कर कचरा और पॉलीथीन एकत्रित किया। युवाओं ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे नदी में कपड़े न धोएं और साबुन का प्रयोग न करें। कार्यक्रम में अंसुल, राहुल, श्रीअंश, महेंद्र, दिनेश, रवि और ब्रजेश सहित अनेक युवा शामिल रहे।

स्वच्छता ही असली नर्मदा पूजा 

युवा समाजसेवी दुर्गेश सिंगरोरे लोधी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सफाई का यह कार्य मजदूरों से भी कराया जा सकता था, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य समाज को जल संवर्धन और संरक्षण की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा हमारे एक दिन की सफाई से पूरी नर्मदा साफ नहीं होगी, लेकिन यह आयोजन जन-जन में नर्मदा को स्वच्छ रखने के संस्कार और अनुशासन पैदा करने का एक छोटा सा प्रयास है। माँ नर्मदा को स्वच्छ रखना ही उनकी सच्ची पूजा है।
युवाओं ने इस संदेश को न्यूज़ चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने की अपील की, ताकि आने वाली पीढिय़ाँ भी माँ नर्मदा के निर्मल जल का लाभ उठा सकें।



 

Leave a Comment