गोकुलधाम में गूंजा जय श्री राम, धूमधाम से मनाया हनुमान जन्मोत्सव
- महाआरती में उमड़ा जनसैलाब, श्रृंगार, हवन और विशाल भंडारा
- गोकुलधाम गार्डन में हनुमान जी का जन्मोत्सव संपन्न
- फलाहारी केक काटकर मनाई खुशियां
मंडला महावीर न्यूज 29. उपनगर महाराजपुर के गोकुलधाम कॉलोनी स्थित गार्डन में बने हनुमान मंदिर में आज आराध्य देव हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव अगाध श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर बब्बा जी के जयकारों से गुंजायमान रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया प्रभारी नवनीत साहू ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। विद्वान पंडितों के सानिध्य में हनुमान जी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद विधि-विधान से पूजन, हवन और महाआरती संपन्न हुई। हवन की पूर्णाहूति में कॉलोनी वासियों और भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ आहुतियां दीं।
भंडारा और कन्या भोजन का आयोजन
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर परिसर में कन्या भोजन कराया गया, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। दोपहर से शुरू हुआ प्रसाद वितरण शाम तक अनवरत जारी रहा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सादर प्रसाद ग्रहण किया।
फलाहारी केक काटकर बनाया यादगार
जन्मोत्सव की शाम को एक विशेष आयोजन किया गया। संध्या महाआरती के बाद भक्तों ने भव्य तरीके से फलाहारी केक काटकर हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया। इस अनूठे प्रयास ने आयोजन को सभी के लिए यादगार बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गोकुलधाम कॉलोनी के रहवासी और हनुमान भक्त सेवा कार्यों में सक्रिय रहे।












