150 जादूगरों ने एक साथ दिखाया जादुई करिश्मा

ताज नगरी में जादूगरों का महाकुंभ

150 जादूगरों ने एक साथ दिखाया जादुई करिश्मा

  • विश्व रिकॉर्ड के लिए पेश किया दावा
  • दिया पर्यावरण संरक्षण का जादुई संदेश
  • मंडला के मशहूर जादूगर फारूक सम्मान से नवाजे गए

मंडला महावीर न्यूज 29. ताज नगरी आगरा के संजय यूथ हॉस्टल में कला और सामाजिक सरोकार का एक ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। अवसर था जादुई दुनिया के बेताज बादशाह स्वर्गीय ओपी शर्मा की पावन स्मृति में आयोजित स्मृति सम्मान समारोह का जहाँ देश भर से जुटे 150 दिग्गज जादूगरों ने न केवल अपनी कला का प्रदर्शन किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश देकर विश्व रिकॉर्ड की ओर कदम बढ़ाए।

स्व. ओपी शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि 

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सुबह 11 बजे जादुई विधा के शिखर पुरुष स्वर्गीय ओपी शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस भावुक क्षण में उपस्थित वक्ताओं ने शर्मा जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जादू की कला को महज मनोरंजन से ऊपर उठाकर एक सम्मानजनक वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी याद में आयोजित यह समारोह भारतीय जादूगरों के लिए एक नई प्रेरणा लेकर आया है।

एक साथ 150 जादूगर-ग्रीन इंडिया के लिए रचा कीर्तिमान 

इस भव्य आयोजन का सबसे मुख्य आकर्षण पर्यावरण संरक्षण की थीम रही। समारोह के दौरान एक ऐतिहासिक क्षण तब आया जब हॉल में मौजूद सभी 150 जादूगरों ने एक सुर और एक ताल में अपनी जादुई कला का प्रदर्शन किया। सभी कलाकारों ने एक साथ खाली हाथों से अचानक एक वृक्ष रूपी गुलदस्ता तैयार कर दिया। इस जादुई करिश्मे के जरिए कलाकारों ने प्रकृति को बचाने और ग्रीन इंडिया मिशन को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने इस सामूहिक प्रदर्शन को गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए अपना आधिकारिक दावा पेश कर दिया है।

मंडला के जादूगर फारूक का बढ़ा गौरव 

मंडला जिले के सुप्रसिद्ध जादूगर फारूक के लिए यह दिन बेहद खास रहा। जादू की दुनिया में वर्षों के अपने उत्कृष्ट योगदान और कला के प्रति समर्पण के लिए फारूक जादूगर को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर मंडला के कलाकार का मान बढऩे से जिले के कला प्रेमियों और प्रशंसकों में हर्ष की लहर है। सम्मान ग्रहण करने के बाद जादूगर फारूक ने कहा कि जादू सिर्फ हाथ की सफाई नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम है।

दिग्गज कलाकारों की रही गरिमामय उपस्थिति 

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भारत के कोने-कोने से आए जादू की दुनिया के बड़े नाम शामिल हुए। मुख्य रूप से दिल्ली के जादूगर शंकर सम्राट, कानपुर के ओपी शर्मा जूनियर, राजकुमार जादूगर, आगरा के जादूगर अखिलेश और जादूगर एस कुमार सहित कई साथी कलाकार उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने अंत में कहा कि कलाकारों की यह एकजुटता समाज को यह संदेश देने के लिए है कि हम अपनी कला के माध्यम से भी पर्यावरण जैसे गंभीर मुद्दों पर जनजागरूकता ला सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किए जाने के साथ इस सफल कार्यक्रम का समापन हुआ।



 

Leave a Comment