चिलमन चौक में गूँजा राष्ट्रगान

चिलमन चौक में गूँजा राष्ट्रगान

‘हम फाउंडेशन’ ने मातृभूमि को नमन कर आयोजित किया ‘दो मिनट राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम

  • देशभक्ति के साथ जनसेवा
  • राष्ट्र वंदना के पश्चात नागरिकों को किया गया निशुल्क रुद्राक्ष का वितरण

मंडला महावीर न्यूज 29. ‘हम फाउंडेशन’ जिला शाखा मंडला द्वारा अपनी गौरवशाली परंपरा को जारी रखते हुए 1 अप्रैल 2026 को शहर के हृदय स्थल चिलमन चौक पर ‘दो मिनट राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। प्रतिमाह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और मातृभूमि के प्रति सम्मान प्रकट करना है।

भारत माता के पूजन से शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री डी.के. कुशराम रहे। उन्होंने उपस्थित गणमान्य नागरिकों के साथ माँ भारती के चित्र पर विधि-विधान से पूजन, अर्चन और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से वातावरण हुआ देशभक्तिमय

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री राम कुमार पाठक द्वारा किया गया। उनके आह्वान पर सभी नागरिकों ने सावधान की मुद्रा में खड़े होकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन किया। इस दौरान चिलमन चौक का वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

प्रसाद और तीन मुखी रुद्राक्ष का वितरण

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर एक विशेष पहल करते हुए निशुल्क तीन मुखी रुद्राक्ष का वितरण भी किया गया। जानकारी दी गई कि यह रुद्राक्ष श्री चंद्रगुप्त नामदेव द्वारा प्रदत्त उस पौधे से प्राप्त हुए हैं, जिसे प्रदेश संरक्षक श्री बी.के. राय के निवास पर रोपा गया था। वितरण के दौरान नागरिकों को रुद्राक्ष के औषधीय और आध्यात्मिक लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

इस आयोजन में शहर के प्रबुद्ध नागरिक और फाउंडेशन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



Leave a Comment