नल-जल योजना ठप, प्यासा है उदयपुर

नल-जल योजना ठप, प्यासा है उदयपुर

जल जीवन मिशन के नाम पर बिछाई जा रही बेतरतीब लाइनें

  • ठेकेदार की लापरवाही से फूटी पुरानी पाइप लाइन
  • पानी खरीदकर प्यास बुझाने को मजबूर ग्रामीण
  • पुरानी लाइन क्षतिग्रस्त, नई का अता-पता नहीं

मंडला महावीर न्यूज 29. गर्मी की शुरुआत के साथ ही जनपद बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाले ग्राम उदयपुर में जल संकट गहरा गया है। एक ओर जहाँ पारा चढ़ते ही पानी की किल्लत बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कछुआ गति कार्य और ठेकेदार की लापरवाही ने ग्रामीणों की मुसीबत दोगुनी कर दी है। पिछले एक माह से नल-जल योजना बंद होने के कारण ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हैं।ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार ने पुरानी चालू लाइन को जगह-जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। विशेषकर तरवानी से टंकी भरने वाली मुख्य लाइन डैमेज होने के कारण पानी टंकी तक नहीं पहुँच पा रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को निजी बोरवेल या टैंकरों से मोटी रकम चुकाकर पानी खरीदना पड़ रहा है।

बेतरतीब बिछाई जा रही पाइपलाइन 

कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से पाइपलाइन बिछाने में भारी अनियमितता बरती जा रही है। नियमों के अनुसार पाइप 1 मीटर की गहराई में होने चाहिए, लेकिन कहीं 1 फिट तो कहीं 2 फिट की गहराई पर ही पाइप डालकर खानापूर्ति की जा रही है। वाटर लेवल का ध्यान न रखने के कारण भविष्य में भी ऊँचाई वाले क्षेत्रों तक पानी पहुँचना नामुमकिन नजर आ रहा है।

खुले गड्ढे दे रहे दुर्घटना को आमंत्रण 

ठेकेदार द्वारा पाइप डालने के लिए लोगों के घरों के सामने गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार उपयंत्री इसे सामान्य प्रक्रिया बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार मौके से नदारद है और केवल इक्का-दुक्का मजदूरों के भरोसे काम छोड़ दिया गया है।

ग्रामीणों ने की शीघ्र सुधार की मांग 

पिछले दो वर्षों से चल रहे इस प्रोजेक्ट के अब तक पूर्ण न होने से जनता में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन डालने के कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, गहराई मानक अनुसार सुनिश्चित की जाए और क्षतिग्रस्त पुरानी लाइन को तत्काल दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।



 

Leave a Comment