हनुमान जन्मोत्सव पर शेष नाग मंदिर में भक्ति का उल्लास
- भव्य श्रृंगार, हवन और महाआरती के होंगे आयोजन
- दीपदान और सुंदरकांड से जगमगाएगा जिला पंचायत परिसर
- शेष नाग मंदिर में उमड़ेगा हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला पंचायत के सामने स्थित सुप्रसिद्ध हनुमान शेष नाग मंदिर में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर कांसकार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
चोला अर्पण और विशेष श्रृंगार
जन्मोत्सव की शुरुआत तड़के हनुमान जी को चोला चढ़ाने के साथ होगी। इस पावन अवसर पर न केवल संकटमोचन हनुमान, बल्कि भगवान भोलेनाथ, शेषनाग और रामलला का भी मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। अभिषेक और पूजन के बाद विधि-विधान से हवन और महाआरती संपन्न होगी।
भजन-कीर्तन और सुंदरकांड का प्रवाह
मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण रहेगा, जहाँ स्थानीय मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम के समय विशेष रूप से सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा, जिसके बाद दीपदान का भव्य आयोजन होगा। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर आलौकिक आभा से भर उठेगा।
विशाल भंडारे का होगा आयोजन
आयोजन समिति ने बताया कि इस महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। भक्तों के लिए विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। सुधीर कांसकार और आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जन्मोत्सव का आनंद उठाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें।










