एनएच-543 निर्माण की तैयारी
नैनपुर के विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित
- किसानों को दी गई मुआवजा और अधिग्रहण की जानकारी
- भूमि अधिग्रहण पर प्रशासन का सीधा संवाद
- नक्शों के जरिए समझाया नेशनल हाईवे का रूट
- शंकाओं का मौके पर हुआ समाधान
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 के प्रस्तावित निर्माण को लेकर प्रशासन ने प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को जागरूक करने की मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में नैनपुर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले कजरवाड़ा, जेहरमऊ, अमझर, चिरईडोंगरी, सांगवा, अतरिया, गोंझी, उमरिया, धनौरा, इटका, धतूरा, डीलवाड़ा, जामगांव और ईश्वरपुर सहित अनेक ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया।
आयोजित इन शिविरों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर आशुतोष ठाकुर सहित एनएचपीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने राजस्व नक्शों के माध्यम से स्पष्ट किया कि प्रस्तावित हाईवे किन-किन भूमि खंडों से होकर गुजरेगा और कितनी भूमि अधिग्रहित की जा रही है। किसानों को कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर निर्धारित मुआवजा राशि, परिसंपत्तियों का मूल्यांकन और ब्याज सहित मिलने वाली कुल राशि के बारे में विस्तार से बताया गया।
विवाद निपटारे की प्रक्रिया
शिविर के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई हितग्राही निर्धारित मुआवजे या अवार्ड से संतुष्ट नहीं है, तो वह नियमानुसार कलेक्टर न्यायालय में आर्बिट्रेशन हेतु आवेदन कर सकता है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य भूमि अधिग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी और कृषक हितैषी बनाना है। उपस्थित ग्रामीणों ने भी योजना को लेकर अपने प्रश्न और सुझाव साझा किए, जिनका मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया। इस पहल से प्रभावित परिवारों में योजना को लेकर स्पष्टता आई है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।










