नेशनल हाईवे-30 पर भीषण भिड़ंत
डंपर और जीप की आमने-सामने टक्कर, दो लोग घायल
- मंगली पंडरी के पास सड़क हादसा
- जीप के उड़े परखच्चे
- 65 वर्षीय महिला सहित दो अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 (रायपुर-जबलपुर मार्ग) पर स्थित मंगली पंडरी पेड़ के पास आज एक अनियंत्रित डंपर और जीप के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जीप सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुजुर्ग महिला को आई गंभीर चोट
जानकारी अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त जीप में दो लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं। घायलों में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल है, जिसकी छाती में गंभीर चोट लगने की खबर है।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस और मोतीनाला पुलिस को दी गई। तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। मोतीनाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।










