हाई वोल्टेज से सहमी राजीव कॉलोनी

हाईव वोल्टेज का तांडव

निर्माणाधीन मकान की लापरवाही से दर्जनों घरों के उपकरण जले, लाखों का नुकसान

  • हाई वोल्टेज से सहमी राजीव कॉलोनी
  • आक्रोशित रहवासियों ने किया चक्काजाम
  • पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माने रहवासी
  • सर्वे कराकर उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29.  शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव कॉलोनी, झंडा चौक में रविवार दोपहर बिजली के वोल्टेज में आए अचानक भारी उतार-चढ़ाव ने जमकर तांडव मचाया। एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हुई गंभीर लापरवाही के कारण क्षेत्र के करीब दो दर्जन से अधिक घरों और दुकानों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में रहवासियों को 10 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्राम देवदरा के राजीव कालोनी झंडा चौक के पास एक भवन में प्रथम मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार दोपहर मजदूर छत से सेंटिग की पटिया नीचे फेंक रहे थे। इसी दौरान एक पटिया सीधे नीचे से गुजर रही मुख्य विद्युत तार पर जा गिरी। भारी पटिया गिरने से शॉर्ट सर्किट हुआ। जिसके कारण पहले लो वोल्टेज और चंद सेकंडों में ही अचानक वोल्टेज बेहद हाई वोल्टेज हो गया। स्थानीय निवासी कुछ समझ पाते उसके पहले ही दर्जनों घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से एक के बाद एक आवाजें आने लगी और जल गए।

पलक झपकते ही जल गए उपकरण 

स्थानीय निवासाी पंकज केशरवानी, अशोक सिंगरौले, शिव कुमार ने बताया कि इस अचानक आए बिजली के झटके को घरों में चालू हालत में रखे उपकरण बर्दाश्त नहीं कर पाए। अनिल यादव ने बताया कि पलक झपकते ही घरों और दुकानों में लगे पंखे, कूलर, टीवी, फ्रिज, लैपटॉप, एसी और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण धूं-धूं कर जल गए और घरों से धुआँ निकलने लगा। इस हादसे से करीब 25 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं, जिनका लाखों का नुकसान हुआ है।

आक्रोशित रहवासियों ने किया चक्काजाम 

हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर सुधार कार्य शुरू किया, लेकिन लोगों के सामान की भारी क्षति हो चुकी थी। घटना के बाद जब पीडि़त रहवासियों ने निर्माणाधीन मकान के ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किया, तो वह नहीं मिला। मकान मालिक ने शुरुआत में इलेक्ट्रिशियन बुलाकर सर्वे कराने की बात कही, लेकिन काफी देर तक कोई कार्रवाई न होने पर रहवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। उत्तेजित भीड़ ने झंडा चौक मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। माहौल गरमाता देख कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और अंतत: मकान मालिक व प्रभावितों को थाने ले जाया गया।

थाने में हुआ समझौता 

कोतवाली थाने में पुलिस की मौजूदगी में हुई चर्चा के बाद मकान मालिक ने प्रभावित रहवासियों को आश्वस्त किया है कि वह इलेक्ट्रिशियन के माध्यम से सभी घरों का सर्वे कराएंगे और हुए नुकसान की भरपाई की दिशा में उचित कदम उठाएंगे। इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

तारों का जाल बना रहा है हादसों को न्यौता 

राजीव कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत तारों का जाल बिछा हुआ है, जो घरों के बेहद करीब से गुजरते हैं। इसके कारण हमेशा हादसों का अंदेशा बना रहता है। जहाँ यह हादसा हुआ, वहां भी मेन पोल से कनेक्शन का तार आसपास के घरों के पास से गया है, जिसमें सेंटिग गिरने से यह बड़ी क्षति हुई है। रहवासियों ने बिजली विभाग से इन तारों को व्यवस्थित करने की मांग भी की है।



 

Leave a Comment