एकता और स्वास्थ्य का संदेश
लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर मंडला पुलिस ने निकाली भव्य साइक्लोथॉन रैली
- पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को किया रवाना
- देशभक्ति और अनुशासन के संकल्प के साथ थामी साइकिल की कमान
मंडला महावीर न्यूज 29. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के गौरवशाली अवसर पर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मंडला पुलिस द्वारा एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में आयोजित इस रैली का उद्देश्य समाज में एकता, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
एसपी ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला में हुआ, जहाँ पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए पुन: पुलिस परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। आयोजन के दौरान युवाओं में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के आयोजन कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया गया।
जनसहभागिता और उत्साह
इस सराहनीय पहल में न केवल पुलिस विभाग, बल्कि नागरिक समाज की भी सक्रिय भागीदारी रही। रैली में डीएसपी सतीश चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, मंडला साइक्लिंग क्लब के सदस्य, फुटबॉल कोच पंकज उसराठे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी सम्मिलित हुए।
सराहनीय पहल
मंडला पुलिस की इस साइक्लोथॉन रैली ने न केवल महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य और खेलकूद के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया। इस आयोजन के माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में पुलिस का यह प्रयास अत्यंत सफल रहा।









