किकरामाल में बूंद-बूंद को मोहताज ग्रामीण
जल जीवन मिशन ठप, एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर
- बिजली बिल न भरने से कटी नल-जल योजना की सप्लाई
- भीषण गर्मी में प्यासा गांव
- प्रशासन से गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड मवई अंतर्गत ग्राम पंचायत खलोडी के पोषक ग्राम किकरामाल में इन दिनों भीषण जल संकट गहरा गया है। शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का लाभ न मिल पाने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। गर्मी की शुरुआत में ही गांव की प्यास बुझाने वाली नल-जल योजना पूरी तरह बंद पड़ी है।
ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना के बिजली बिल का समय पर भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते विद्युत विभाग ने योजना की बिजली आपूर्ति काट दी है। बिजली कटने से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। वर्तमान में हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को भीषण धूप में करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
गांव के लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी होने के बावजूद ग्राम पंचायत द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों में पंचायत के प्रति भारी नाराजगी है। पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक निस्तार के लिए भी पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग
भीषण गर्मी और गहराते संकट को देखते हुए किकरामाल के निवासियों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई है। ग्रामीणों की मांग है कि बिजली बिल के विवाद को सुलझाकर जल्द से जल्द पानी की समुचित व्यवस्था शुरू कराई जाए, ताकि उन्हें इस विकट परिस्थिति से राहत मिल सके।
रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई









