रफ्तार का कहर
हेलमेट भी नहीं बचा पाया जान
- निवास-बरेला मार्ग पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत
- हेलमेट पहनने के बावजूद युवक की मौत
- जमुनेश्वरी धाम से पूजन कर लौट रहे दंपत्ति हादसे का शिकार
- पति ने तोड़ा दम, पत्नी घायल और दूसरा बाइक चालक जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे निवास-बरेला मुख्य मार्ग पर ग्राम गुंदलई के पास एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी अनुसार डिंडोरी जिले के शहपुरा अंतर्गत ग्राम कहंजरा निवासी अनूप वरकड़े 40 वर्ष अपनी पत्नी रामप्यारी वरकड़े 32 वर्ष के साथ निवास क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जमुनेश्वरी धाम भलवारा गए थे। वहां उन्होंने चैत्र नवरात्रि के जवारे बोए थे, जिसकी अष्टमी की पूजन और अठवाई का भोग लगाकर वे वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम गुंदलई के समीप निवास की ओर से आ रहे बाइक सवार राजू मरावी 28 वर्ष, निवासी जरहेडी, नारायणगंज की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में अनूप बरकड़े की मौत हो गई।
हेलमेट के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि मृतक अनूप वरकड़े द्वारा हेलमेट लगाए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। टक्कर के बाद हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट आने के कारण अनूप की मौके पर ही स्थिति बिगड़ गई। वहीं उनकी पत्नी रामप्यारी को मामूली चोटें आई हैं।
अस्पताल में मची चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अनूप सिंह वरकड़े को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक के चालक राजू मरावी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
निवास पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस दुखद घटना के बाद शोक की लहर है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे










