गायत्री महायज्ञ में उमड़ा जनसैलाब

विचार क्रांति से बदलेगा समाज

गायत्री महायज्ञ में उमड़ा जनसैलाब, जन्मोत्सव और दीपोत्सव के साथ हुई पूर्णाहुति

  • बबलिया में पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ संपन्न
  • संस्कारों और नशामुक्त जीवन का दिया संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम देवरी कला (बबलिया) में विगत 25 मार्च को पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा प्रवचन और दीपोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में संगीत और प्रवचनों के माध्यम से गुरुदेव और माताजी का पावन संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।

संस्कारों से सजेगा जीवन

कथा वाचक पटेल, ढोलक मास्टर कार्तिकेय और हारमोनियम मास्टर कुशराम की टोली ने मधुर भजनों और प्रेरक प्रवचनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान गर्भाधान संस्कार से लेकर विवाह संस्कार तक की विधिवत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि परिवार में बच्चों को कैसे सुसंस्कारित किया जाए और समाज में समरसता के साथ आदर्श जीवन कैसे जिया जाए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर योगदान देने और बुराइयों को छोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।

अतिथियों ने साझा किए विचार

महोत्सव में मुख्य रूप से उपस्थित क्षेत्रीय सांसद की धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री कुलस्ते ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे अनुष्ठान मनुष्य के विचारों में क्रांति लाने का कार्य करते हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. विजय सर्वटे ने यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि हवन से न केवल वायुमंडल का शुद्धिकरण होता है, बल्कि मनुष्य के अंतर्मन में भी सकारात्मक परिवर्तन आता है। नारायणगंज जनपत पंचायत अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने कहां कि ऐसे धार्मिक विचार और गायत्री महायज्ञ से समाज में बदलाव लाने का विचार अत्यंत सराहनीय है। पत्रकार रोहित चौकसे ने भी गायत्री महायज्ञ के माध्यम से जनजागृति के प्रयासों की सराहना की। बबलिया पीएससी के मेडिकल ऑफीसर डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहां कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत है।

जन्मोत्सव की खुशियां

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बाबूलाल यादव का जन्मोत्सव वेद मंत्रों और पुष्प वर्षा के साथ मनाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय सरपंच देवचरण पंद्राम, उपसरपंच संजय सोनी, दुर्गा समिति युवा मण्डल बबलिया एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।



Leave a Comment