सुभाष वार्ड में गूंजे माता के जयकारे
- खोडियार माता दरबार सेवा समिति ने विधि-विधान से किया हवन और कन्या पूजन
- अष्टमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भंडारे में सैकड़ों ने ग्रहण की प्रसादी
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा की गई। महागौरी को आदि शक्ति माना गया है। पुराणों के अनुसार इनके तेज से संपूर्ण विश्व प्रकाशमान होता है। दुर्गा सप्तशती के अनुसार, शुंभ निशुंभ से पराजित होने के बाद देवताओं ने गंगा नदी के तट पर देवी महागौरी से ही अपनी सुरक्षा की प्रार्थना की थी। मां के इस रूप के पूजन से शारीरिक क्षमता का विकास होने के साथ मानसिक शांति भी बढ़ती है।
बताया गया कि चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर स्थानीय सुभाष वार्ड स्थित श्री खोडियार माता दरबार सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। अष्टमी के शुभ अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अन्य शहरों से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित रानूनाथ शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। समिति के सदस्यों ने विश्व शांति और जन-कल्याण की कामना के साथ आहुतियां अर्पित कीं। हवन के पश्चात पारंपरिक रूप से कन्या पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें छोटी बालिकाओं के पैर पखारकर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया गया।
भंडारे में उमड़ी भीड़
धार्मिक अनुष्ठानों की कड़ी में दोपहर को आम लंगर भंडारा का आयोजन किया गया। माता के दरबार में आयोजित इस विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। समिति के सदस्यों ने बताया कि यहाँ दरबार के प्रति लोगों की अटूट आस्था है, जिसके चलते नवरात्रि के दौरान यहाँ अन्य जिलों व शहरों से भी श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँचते हैं। श्री खोडियार माता दरबार सेवा समिति द्वारा किए जाने वाले इन प्रयासों की नगरवासियों ने सराहना की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के समस्त पदाधिकारियों और सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।










