दिवंगत आरक्षकों के परिजनों को मिला 10-10 लाख रुपये का आर्थिक संबल

पुलिस सैलरी पैकेज योजना

दिवंगत आरक्षकों के परिजनों को मिला 10-10 लाख रुपये का आर्थिक संबल

  • एसपी रजत सकलेचा ने सौंपे बीमा क्लेम के चेक
  • स्टेट बैंक और मंडला पुलिस की मदद से मिली सहायता राशि

मंडला महावीर न्यूज 29.  पुलिस विभाग में कार्यरत रहते हुए असमय काल कवलित होने वाले पुलिस कर्मियों के परिजनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में मंडला पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार, 26 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दो दिवंगत आरक्षकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

विधिवत पूर्ण हुई क्लेम प्रक्रिया

जानकारी अनुसार मंडला पुलिस में पदस्थ आरक्षक मनोज वरकडे का 30 नवंबर 2024 और आरक्षक कमल मरावी का 28 जुलाई 2025 को सामान्य निधन हो गया था। इन दोनों ही मामलों में पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में आवश्यक दस्तावेज संकलित किए गए। इसके पश्चात भारतीय स्टेट बैंक (SBI), शाखा मंडला के माध्यम से बीमा क्लेम की संपूर्ण प्रक्रिया को त्वरित गति से विधिवत पूर्ण कराया गया।

परिजनों को सौंपे गए चेक

पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने आरक्षक मनोज वरकडे की माता श्रीमती मुन्नीबाई वरकडे और आरक्षक कमल मरावी की पत्नी श्रीमती गनशिया बाई मरावी को 10-10 लाख रुपये की बीमित राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान एसपी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि विभाग सदैव अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य शाखा प्रबंधक श्री शेखर कोल्हे, सहायक प्रबंधक श्री उमाशंकर बर्मन, मुख्य लिपिक श्री नीरज दुबे सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Leave a Comment