मंडला की धरा पर सरदार एकता रथयात्रा का भव्य आगमन

मंडला की धरा पर सरदार एकता रथयात्रा का भव्य आगमन

लौह पुरुष की स्मृतियों और सुनहरे अशोक स्तंभ के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

  • राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर गुजरात से मंडला पहुँची रथयात्रा
  • नैनपुर से बिझिंया तक पुष्पवर्षा और जयकारों से हुआ आत्मीय स्वागत

मंडला महावीर न्यूज 29। भारत देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में गुजरात से प्रारंभ हुई ‘सरदार राष्ट्रीय एकता रथयात्रा’ का मंडला जिले की सीमा में प्रवेश करने पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। नैनपुर से शुरू हुआ यह स्वागत का सिलसिला जिले के विभिन्न ग्रामों और नगरों से होता हुआ जिला मुख्यालय स्थित बिझिंया में संपन्न हुआ।

ऐतिहासिक स्मृतियाँ बनीं आकर्षण का केंद्र

इस रथयात्रा में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा के साथ-साथ उनके जीवन से जुड़ी दुर्लभ वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। इनमें 2 किलो 900 ग्राम सोने का बना अशोक स्तंभ (जो उन्हें भेंट स्वरूप प्राप्त हुआ था), जेल प्रवास के दौरान उनके द्वारा उपयोग किया गया लोटा, संदूक, टिफिन और चप्पल शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न रियासतों द्वारा उन्हें दिए गए चांदी के फ्रेम वाले सम्मान पत्र भी लोगों के लिए आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र रहे।

नैनपुर से बम्हनी तक जोरदार स्वागत

नैनपुर में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पहारों से यात्रा का अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा गोकुलथाना, रैवाड़ा, पिंडरई, चिरई डोंगरी और रानटोला होते हुए बम्हनी बंजर पहुँची। यहाँ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान अंजनिया, सिलगी, ककैया और लालीपुर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे।

बिझिंया में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन

मंडला शहर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए रथयात्रा बिझिंया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्टैचू के पास पहुँची। यहाँ मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुर्मी समाज विकास संगठन, महिला संगठन, पतंजलि समिति सहित विभिन्न समुदायों और संगठनों ने गुजरात से आए अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

प्रशासन की रही मुस्तैद व्यवस्था

पूरी यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का ‘फॉलो वाहन’ सतर्कता के साथ रथयात्रा को सुरक्षा प्रदान करता रहा। इस अवसर पर गुजरात से आए सतीश भाई पटेल, श्रीमती मयूरी बेन, मनु भाई पटेल, के.के. पटेल के साथ ही स्थानीय स्तर पर एडवोकेट सी.बी. पटेल, राजकुमार सिंगौर सहित सैकड़ों की संख्या में आमजन और मातृशक्ति उपस्थित रही।



Leave a Comment