मंडला में खनिज माफिया पर शिकंजा
अवैध रेत परिवहन करते 3 वाहन जब्त
- कलेक्टर के निर्देश पर पिंडरई और हिरदेनगर में कार्रवाई
- खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
- रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर और 1 डम्फर पकड़े
- विभाग ने दर्ज किया केस
मंडला महावीर न्यूज 29। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के कड़े निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम लगातार मैदानी निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में 24 मार्च को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लिप्त 3 वाहनों को जब्त किया गया है।
पिंडरई और हिरदेनगर में दी दबिश
जानकारी अनुसार खनिज निरीक्षक एवं खनिज अमले द्वारा तहसील नैनपुर के ग्राम पिंडरई और तहसील मंडला के ग्राम हिरदेनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर और 1 डम्फर को रंगे हाथों पकड़ा गया। खनिज अमले की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी
जब्त किए गए तीनों वाहनों को तत्काल प्रभाव से संबंधित पुलिस चौकी पिंडरई एवं हिरदेनगर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध मप्र खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन मामलों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










