नैनपुर के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार
स्टेयरिंग पर सूअर का बच्चा आने से हुआ हादसा
- सड़क दुर्घटना: डूंडा के पास कार पलटने से दो घायल
- वाहन में भरे थे 25 से ज्यादा सूअर के बच्चे
मंडला महावीर न्यूज 29। नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डूंडा के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार मंडला की ओर से आ रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में सूअर के बच्चे भरे हुए थे।
स्टेयरिंग पर कूदा बच्चा और बिगड़ा संतुलन
जानकारी अनुसार कार में लगभग 25 सूअर के बच्चे मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अचानक एक सूअर का बच्चा उछलकर स्टेयरिंग के पास आ गया, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोगों को चोटें आई हैं, वहीं एक सूअर के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
संदेह के घेरे में वाहन
हैरानी की बात यह है कि कार के भीतर सीटें भी नहीं थीं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वाहन का उपयोग सूअरों के व्यापार या परिवहन के लिए किया जाता था। घटना की सूचना मिलते ही पिंडरई से ‘डायल 112’ की टीम मौके पर पहुँची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया।










