नदी और गौ संरक्षण हर भारतीय का परम कर्तव्य

नदी और गौ संरक्षण हर भारतीय का परम कर्तव्य

मंडला प्रवास पर महामंडलेश्वर स्वामी देव स्वरूपानंद सरस्वती

  • नर्मदा तट के निवासियों से अपील-घाटों को रखें स्वच्छ
  • अविरल प्रवाह के लिए पन्नी और प्रदूषण से मुक्त करें मैया

मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र मास के पावन अवसर पर मां नर्मदा की उत्तरवाहिनी परिक्रमा के लिए मंडला आए श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के महामंडलेश्वर स्वामी देव स्वरूपानंद सरस्वती जी ने पर्यावरण और जीव संरक्षण को लेकर गहरा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और अनियंत्रित निर्माण कार्यों के कारण हमारी जीवनदायिनी नदियों का अस्तित्व संकट में है, जिसे बचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

नदियों के बढ़ते प्रदूषण पर जताई चिंता 

स्वामी जी ने रेखांकित किया कि नदियों के किनारे बढ़ती मानवीय बसाहट और कांक्रीट के निर्माणों से नदियों का स्वाभाविक स्वरूप बिगड़ रहा है। कई शहरों के गंदे नालों का पानी सीधे नदियों में मिल रहा है, जो जलीय जीवों और जल की शुद्धता के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि यद्यपि शासन स्तर पर नालों के निस्तारण के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन जब तक आम जन जागरूक नहीं होगा, तब तक पूर्ण सफलता संभव नहीं है।

जिलेवासियो से विशेष अपील 

नर्मदा तट पर बसे मंडला के निवासियों का आह्वान करते हुए स्वामी जी ने कहा कि नर्मदा पूजन के समय हम अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने अपील की कि भक्त जब भी घाटों पर जाएं, वहाँ फैली पन्नी और कचरे को एकत्रित कर उसे नष्ट करें, ताकि नर्मदा का प्रवाह अविरल और स्वच्छ बना रहे।

गौ संरक्षण के लिए कानूनी प्रयास 

गौ माता के संरक्षण पर चर्चा करते हुए स्वामी जी ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश में गौ संरक्षण को लेकर उनकी एक याचिका माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस याचिका के निराकरण के बाद समाज के सामने गौ संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक और दूरगामी परिणाम आएंगे। उन्होंने अंत में दोहराया कि देश की नदियों और गौवंश की रक्षा करना केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर भारतीय का दायित्व है।



 

Leave a Comment