अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी नई कार
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा, दो युवक गंभीर
- बबैहा के पास तेज रफ्तार कार का कहर
- हाईवे से उतरकर सीधे खाई में समाई कार
- हादसे में दो लोग घायल
मंडला महावीर न्यूज़ 29। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर बबैहा के समीप एक अनियंत्रित कार हादसे का शिकार हो गई। सफेद रंग की एक नई चमचमाती कार तेज रफ्तार होने के कारण सड़क से उतरकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। कार में चार युवक सवार थे, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं।
एयरबैग ने बचाई जान
जानकारी के अनुसार, कार में सवार युवक मंडला से फूलसागर की ओर जा रहे थे। बबैहा के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार हाईवे से नीचे उतर गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। इसके बावजूद, वाहन में सवार दो युवकों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने की तत्काल मदद
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार मंडला की ही है।










