देवरीकला बबलिया में गूंजे गायत्री मंत्र
- 5 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन
- कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धा
- आज होगा दीप महायज्ञ
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-निवास मार्ग पर स्थित ग्राम देवरीकला बबलिया में भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। भाजपा जिला सदस्य एवं पूर्व उपसरपंच बाबूलाल यादव ने अपने 65वें जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए एक विशेष आध्यात्मिक संकल्प लिया है। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार और ग्रामवासियों के सहयोग से दो दिवसीय भव्य 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत मंगलवार को दोपहर 3 बजे शिव मंदिर से निकाली गई भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यह आयोजन पुराना बालक छात्रावास बस स्टैंड बबलिया परिसर में संपन्न हो रहा है।
आज होंगे विभिन्न वैदिक संस्कार
महायज्ञ के दूसरे दिन बुधवार सुबह 7.30 बजे से 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ प्रारंभ होगा। इस दौरान विभिन्न वैदिक संस्कारों का संपादन भी किया जाएगा। क्षेत्रीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस यज्ञ की आहुति में शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं।

भव्य दीप महायज्ञ के साथ होगा समापन
आयोजन का मुख्य आकर्षण बुधवार शाम 6 बजे होने वाला भव्य दीप महायज्ञ होगा। सैकड़ों दीपों की रोशनी और गायत्री मंत्रों के उच्चारण के साथ इस दो दिवसीय धार्मिक उत्सव का समापन किया जाएगा। बाबूलाल यादव की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जहाँ उन्होंने व्यक्तिगत उत्सव को लोक-कल्याण और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ा है।











