स्टॉप डैम में नहाते समय डूबीं दो सहेलियां, एक की मौत, दूसरी जबलपुर रेफर
- सहेली को बचाने की कोशिश में गहराया मातम
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मसूर घुघरी में मंगलवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटित हो गई। यहाँ गांव के पास बने स्टॉप डैम में नहाने गई दो किशोरी सहेलियां गहरे पानी में डूब गईं। इस हादसे में एक बालिका की मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम मसूर घुघरी निवासी नीलेश्वरी मार्को (12 वर्ष) पिता प्रदीप कुमार और उसकी सहेली सीमा उइके (10 वर्ष) पिता तिवारी लाल मंगलवार दोपहर स्टॉप डैम पर नहाने गई थीं। नहाते वक्त नीलेश्वरी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। अपनी सहेली को संकट में देख सीमा उसे बचाने के लिए तुरंत पास पहुंची, लेकिन बचाव के प्रयास में वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गई और सीमा की मौत हो गई जबकि नीलेश्वरी को जबलपुर मेडिकल इलाज हेतु भेजा गया हैं।
बुआ के घर रहती थी मृतका
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किशोरियों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहाँ पदस्थ डॉ. विजय पैगवार ने परीक्षण के बाद सीमा उइके को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीलेश्वरी मार्को का प्राथमिक उपचार कर उसे गंभीर अवस्था में जबलपुर रेफर किया गया है। बताया गया है कि मृतका सीमा मूल रूप से ग्राम घाटम गांव की रहने वाली थी और मसूर घुघरी में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। निवास पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद से गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे










